किसानों की फसल बीमा राशि और वर्ष 2019 के मुआवजे का भुगतान करने की मांग, महंगाई पर नियंत्रण की भी उठाई आवाज
खाचरोद। नागदा-खाचरोद विधानसभा क्षेत्र के किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी खाचरोद द्वारा महामहिम राष्ट्रपति के नाम राजस्व अधिकारी, अनुविभाग खाचरोद को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में वर्ष 2025 की रबी एवं खरीफ फसल के फसल बीमा दावों का तत्काल सर्वे कराकर पात्र किसानों को बीमा राशि का भुगतान कराने की मांग की गई। कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि प्राकृतिक आपदा, मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों, अतिवृष्टि, रोग एवं अन्य कारणों से किसानों की फसलों को नुकसान हुआ है, लेकिन कई पात्र किसानों को अभी तक फसल बीमा की राशि प्राप्त नहीं हुई है। किसानों के दावों का सर्वे कराकर बिना अनावश्यक विलंब के बीमा राशि उपलब्ध कराने की मांग की गई।
वर्ष 2019 की शेष मुआवजा राशि का भुगतान हो
ज्ञापन में वर्ष 2019 में अतिवृष्टि एवं बाढ़ से खराब हुई खरीफ फसल के मुआवजे का मुद्दा भी उठाया गया। कांग्रेस नेताओं के अनुसार नागदा-खाचरोद विधानसभा क्षेत्र में वर्ष 2019 में खराब हुई खरीफ फसल की कुल मुआवजा राशि 88 करोड़ 92 लाख 400 रुपये थी। इसमें से प्रथम किस्त के रूप में 25 करोड़ 09 लाख 41 हजार 835 रुपये 44,777 किसानों को वितरित किए जाने का उल्लेख ज्ञापन में किया गया है। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि शेष लगभग 75 प्रतिशत राशि अब तक किसानों को वितरित नहीं की गई है। उन्होंने शेष मुआवजा राशि का तत्काल भुगतान कराने की मांग की।
बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण की मांग
ज्ञापन में किसानों पर बढ़ते आर्थिक बोझ का उल्लेख करते हुए डीजल, खाद, बीज, कीटनाशक, कृषि उपकरण, मजदूरी और सिंचाई आदि की बढ़ती लागत को लेकर चिंता जताई गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि फसल का उचित मूल्य नहीं मिलने से किसानों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है और ऐसे समय में फसल बीमा किसानों के लिए महत्वपूर्ण आर्थिक सहारा है।
खाद्यान्न और शक्कर की कीमतों पर नियंत्रण की मांग
ज्ञापन में खाद्यान्न, शक्कर, दाल, खाद्य तेल सहित आवश्यक खाद्य वस्तुओं की बढ़ती कीमतों पर प्रभावी निगरानी एवं नियंत्रण व्यवस्था मजबूत करने की मांग की गई। साथ ही जमाखोरी, कालाबाजारी और अनावश्यक मुनाफाखोरी पर कठोर कार्रवाई की मांग भी रखी गई।
पेट्रोल-डीजल और एथेनॉल को लेकर भी उठाई आवाज
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों से आम जनता पर पड़ रहे महंगाई के प्रभाव को देखते हुए कीमतों को नियंत्रित करने की मांग की। वहीं एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल की आपूर्ति बंद कर 100 प्रतिशत शुद्ध पेट्रोल उपलब्ध कराने की मांग ज्ञापन में की गई है।
पंचायतों के बिजली कनेक्शन नहीं काटने की मांग
ज्ञापन में ग्राम पंचायतों के पंचायत भवन, पेयजल व्यवस्था और स्ट्रीट लाइट के लिए विद्युत कनेक्शन काटे जाने की कार्रवाई तत्काल रोकने तथा पूर्व में काटे गए कनेक्शनों को शीघ्र पुनः जोड़ने की मांग भी की गई।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने राष्ट्रपति के नाम सौंपे गए ज्ञापन के माध्यम से संबंधित मंत्रालयों एवं विभागों को आवश्यक निर्देश जारी कर किसानों की फसल बीमा राशि, वर्ष 2019 की शेष मुआवजा राशि का भुगतान कराने, बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण करने, पेट्रोल-डीजल की कीमतों को कम करने तथा एथेनॉल युक्त पेट्रोल की सप्लाई बंद करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन के दौरान कांग्रेस के पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।











