ताज़ा ख़बरेंमध्यप्रदेश

भारतीय पंचांग की तिथि के अनुसार मनाई गई शहीद चंद्रशेखर आजाद जयंती

रिपोर्टर= भव्य जैन

झाबुआ। वयं गुरुकुलम विद्यालय में महान क्रांतिकारी एवं अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की जयंती भारतीय पंचांग की तिथि के अनुसार श्रावण मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया को श्रद्धा, देशभक्ति एवं भारतीय संस्कृति के अनुरूप मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थी चंद्रशेखर आजाद की वेशभूषा में सजकर विद्यालय पहुंचे। विद्यार्थियों ने आजाद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम में संस्था के संचालक श्री ओम शर्मा एवं श्रीमती किरण शर्मा उपस्थित रहे। इस अवसर पर श्री ओम शर्मा ने कहा कि भारतीय संस्कृति में जन्मदिवस केवल अंग्रेजी कैलेंडर की तारीख के आधार पर नहीं, बल्कि भारतीय पंचांग की तिथि के अनुसार मनाने की परंपरा रही है। इसी भारतीय परंपरा को विद्यालय में लंबे समय से आगे बढ़ाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि विद्यालय के प्रत्येक विद्यार्थी का जन्मदिन भी भारतीय पंचांग की तिथि के अनुसार मनाने की परंपरा विकसित की गई है। इसी उद्देश्य से विद्यार्थियों की अंकसूची में उनकी जन्मतिथि के साथ भारतीय पंचांग की तिथि अंकित करने की पहल भी की गई है, ताकि विद्यार्थी अपनी भारतीय संस्कृति, परंपराओं और कालगणना पद्धति से परिचित हो सकें।

श्री शर्मा ने कहा कि शहीद चंद्रशेखर आजाद का जीवन अदम्य साहस, स्वाभिमान, त्याग और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया और अंतिम क्षण तक अंग्रेजी सत्ता के सामने झुकने से इनकार किया। उनका जीवन विद्यार्थियों को राष्ट्र के प्रति समर्पण, साहस और अपने संकल्प पर अडिग रहने की प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती दीपशिखा तिवारी, उपप्राचार्य श्री मकरंद आचार्य सहित शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। नन्हे विद्यार्थियों का चंद्रशेखर आजाद की वेशभूषा में पहुंचना कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!