
15 पदकों से खंडवा का दमदार प्रदर्शन, राज्य ताइक्वांडो में तीसरा स्थान।
विदिशा में हुई राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में 5 स्वर्ण, 6 रजत और 4 कांस्य पदक जीते; कैडेट-जूनियर खिलाड़ियों का राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन।
खंडवा। हमारे जिले में हर विधा में प्रतिभाओं की कमी नहीं है यदि इन प्रतिभाओं को अपनी अपनी कला का प्रशिक्षण या अच्छा मंच मिल जाता है तो यह प्रतिभाएं खंडवा का नाम प्रदेश देश विदेश में रोशन करती हैं। ताइक्वांडो के खेल में भी खंडवा की प्रतिमाएं लगातार शानदार प्रदर्शन कर आगे बढ़ रही है। समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि विदिशा में 8 और 9 अगस्त को आयोजित इंडिया ताइक्वांडो की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में खंडवा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम प्रदेश स्तर पर रोशन किया। निमाड़ ताइक्वांडो क्लब एवं खंडवा जिला ताइक्वांडो टीम ने कुल 15 पदक जीतकर प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल किया। टीम ने 5 स्वर्ण, 6 रजत और 4 कांस्य पदक अपने नाम किए। समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश अकादमी, धार, भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से करीब 205 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। खंडवा की टीम ने कोच मोहम्मद जैद, शिवांश कुशवाहा, सागर सोलंकी और फैजान खान के मार्गदर्शन में दमदार प्रदर्शन किया।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन
प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले कैडेट एवं जूनियर वर्ग के खिलाड़ियों का चयन पुणे में होने वाली राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता के लिए किया गया है। इससे जिले के खिलाड़ियों में उत्साह है।
ये खिलाड़ी रहे पदक विजेता
स्वर्ण पदक: अभांश वो लूप गौशींदे, अयान धुर्वे, लताशा मोरे, मिजान खान और कनिष्का पटेल।
रजत पदक: हुमेरा शेख, खदीजा खान, आराध्या अग्रवाल और आदर्श बिसारे।
कांस्य पदक: सुफियान शेख, वाणी शर्मा और ऋषि भोर्गे।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, विधायक कंचन मुकेश तंनवे, महापौर अमृता अमर यादव, प्रवक्ता सुनील जैन, जिला ताइक्वांडो संघ के संरक्षक मोहन काशिव, अमर यादव, शुभम जैन, सचिव नागेश वलांजकर, अध्यक्ष शैलेंद्र वर्मा, इंडिया ताइक्वांडो के खंडवा सचिव मुगीस खान, निमाड़ ताइक्वांडो क्लब के संरक्षक सुमिरन कप्रियन, धीरज बरौले, जिला खेल अधिकारी रूप सिंह, कैलाश एवं चेतन गोहर सहित खेलप्रेमियों ने बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।








