ताज़ा ख़बरेंमध्यप्रदेश

मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने विद्यार्थियों को वितरित की साइकिलें

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रोटला में साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित

 

रिपोर्टर = भव्य जैन

झाबुआ, 11 जुलाई 2026। महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रोटला में आयोजित साइकिल वितरण कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए छात्र-छात्राओं को 125 साइकिलों का वितरण किया।

 

इस अवसर पर मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है। प्रदेश सरकार प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आवश्यक सुविधाएँ पहुँचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से विद्यालय आने वाले विद्यार्थियों को साइकिल मिलने से उनकी नियमित उपस्थिति बढ़ेगी, समय की बचत होगी तथा वे अधिक उत्साह और आत्मविश्वास के साथ अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगे।

 

मंत्री सुश्री भूरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर नवाचार करते हुए विद्यार्थियों को बेहतर संसाधन उपलब्ध करा रही है। छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें शिक्षा के समान अवसर प्रदान करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर अध्ययन करने, अनुशासित जीवन अपनाने तथा अपने माता-पिता, शिक्षकों और जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

 

उन्होंने कहा कि आज का विद्यार्थी ही कल का जिम्मेदार नागरिक और राष्ट्र निर्माता है। इसलिए प्रत्येक विद्यार्थी को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर कठिन परिश्रम करना चाहिए। सरकार शिक्षा के क्षेत्र में हर संभव सहयोग प्रदान कर रही है और आगे भी विद्यार्थियों के हित में अनेक योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराती रहेगी।

 

कार्यक्रम के दौरान मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने सभी विद्यार्थियों को साइकिल प्राप्त होने पर शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल भविष्य की कामना की।

 

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी, कर्मचारी, विद्यालयीन स्टाफ, अभिभावकों एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

 

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!