
छोटे से गांव बोरगांव खुर्द के नीरज पटेल ने एशिया में लहराया तिरंगा, भारत के लिए जीता कांस्य पदक।

जापान के नारू सेम्बा को 4-3 से हराकर नीरज ने कांस्य पदक प्राप्त किया, खंडवा सहित पूरे प्रदेश में खुशी की लहर
खंडवा। बुधवार को खंडवा जिले के छोटे से गांव बोरगांव खुर्द के 18 वर्षीय कुश्ती खिलाड़ी नीरज पिता विट्ठल पटेल ने थाईलैंड में एशियन कुश्ती में जापान के नारू सेम्बा को 4-3 से हराकर हमारे भारत देश के लिए कांस्य पदक प्राप्त किया। समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि नीरज पटेल मंगलवार को ही थाईलैंड पहुंचे थे। नीरज पटेल ने चीन के जियाले को 8-0 से हराकर सेमी फाइनल में अपनी जगह बनाई थी। सेमीफाइनल में नीरज पीछड गए और उज्बेकिस्तान के ओताबेक तुसुॅनोव से उन्हें हार का सामना करना पड़ा। नीरज पिता विट्ठल पटेल अंडर-20 एशियन चैंपियनशिप में भारत के लिए 55 किलोग्राम वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि कुश्ती के क्षेत्र में खंडवा जिला प्रदेश में कुश्ती का हब बन चुका है, वहीं बोरगांव खुर्द कुश्ती की खान बन चुका है जहां बालक ही नहीं बालिकाएं भी कुश्ती के क्षेत्र में मध्य प्रदेश केसरी रह चुके स्वर्गीय हुकुमचंद यादव एवं स्वर्गीय रघुनाथ पांजरे के आशीर्वाद से बिना शासकीय कोच के खंडवा के कुश्ती पहलवान और प्रशिक्षक प्रदेश कुश्ती संघ के उपाध्यक्ष मंगल यादव, जगदीश पटेल, राजेंद्र पांजरे, ऋषि सोनकर एवं अन्य पहलवानों से कुश्ती कला का प्रशिक्षण प्राप्त कर खंडवा का नाम देश-विदेश में रोशन कर रहे हैं। बोरगांव खुर्द की माधुरी और छाया पटेल ने कुश्ती के क्षेत्र में उज्जैन में प्रथम स्थान पाया और अब मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए हरियाणा के रोहतक में राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में भाग लेंगी। सुनील जैन ने बताया कि नीरज पटेल, माधुरी और छाया पटेल के शानदार प्रदर्शन पर मंत्री कुंवर विजय शाह, सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर, महापौर अमृता अमर यादव, विधायक कंचन मुकेश तनवे, कलेक्टर ऋषव गुप्ता, पुलिस अधीक्षक अगम जैन, प्रवक्ता सुनील जैन ने बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की।











