ताज़ा ख़बरें

विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल की जिला बैठक बड़ोद में संपन्न

बडौद आगर मालवा से संजय की रिपोर्ट

 

विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल की जिला बैठक बड़ोद में संपन्न

जो धर्म की रक्षा करता है धर्म उसकी रक्षा करता है विहिप संगठन मंत्री राठौड़

बैठक के दौरान श्री राम दरबार के चित्र के समक्ष उपस्थित अतिथि एवं पदाधिकारी।

आगर मालवा (ब्यूरो)। विश्व हिंदू परिषद का ध्येय वाक्य ‘धर्मो रक्षति रक्षितः’ अर्थात जो धर्म की रक्षा करता है धर्म उसकी रक्षा करता है, सनातन संस्कृति का मूल आधार है। विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल का एक-एक कार्यकर्ता इस वाक्य को बखूबी अपने जीवन का आधार बनाकर धर्म की रक्षा के लिए निरंतर जुटा हुआ है। यह हम सभी कार्यकर्ताओं के लिए परम सौभाग्य की बात है।

उक्त विचार जिला संगठन मंत्री मोहन सिंह राठौड़ द्वारा जिले के बड़ोद प्रखंड में आयोजित विश्व हिंदू परिषद की जिला बैठक में व्यक्त किए गए। यह महत्वपूर्ण बैठक स्थानीय श्री कृष्ण मंदिर, गांधी चौक के प्रांगण में गरिमामयी वातावरण में संपन्न हुई।

श्री कृष्ण मंदिर में आयोजित जिला बैठक में उपस्थित विहिप एवं बजरंग दल के कार्यकर्ता।

बैठक की शुरुआत मुख्य अतिथियों विहिप जिला अध्यक्ष किशोर बैरागी, जिला संगठन मंत्री मोहन सिंह राठौड़ एवं जिला मंत्री जितेंद्र सिंह राठौड़ द्वारा सर्वप्रथम श्री राम दरबार के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर विधिवत रूप से की गई।

बैठक की कार्यसूची के अनुसार, विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री जितेंद्र सिंह राठौड़ ने आगामी कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने बजरंग दल की आगामी साहसिक बाबा बुढ़ा अमरनाथ यात्रा, अखंड भारत दिवस, विश्व हिंदू परिषद स्थापना दिवस एवं संगठन की विस्तारक योजना को लेकर उपस्थित पदाधिकारियों को विस्तृत रूपरेखा प्रदान की।

इसके पश्चात जिला संगठन मंत्री मोहन सिंह राठौड़ ने उक्त सभी विषयों पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए विस्तारपूर्वक जानकारी साझा की। इस अवसर पर मुख्य रूप से जिला उपाध्यक्ष नीलम दीदी शर्मा, जिला कोषाध्यक्ष प्रकाश शर्मा, जिला सह मंत्री जितेंद्र माली के साथ जिला एवं प्रखंड स्तर के सभी प्रमुख पदाधिकारी और निष्ठावान कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!