
भोपाल में गूंजी पंधाना की आवाज: विधायक छाया मोरे ने मुख्यमंत्री के सामने मजबूती से रखीं क्षेत्र की समस्याएं,
किसानों के साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से की मुलाकात, सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल भी रहे मौजूद, अग्निशमन वाहन, अग्निपीड़ितों की राहत, सिंचाई-पेयजल संकट सहित कई जनहित मुद्दों पर मांगी त्वरित कार्रवाई।
खंडवा। पंधाना विधानसभा क्षेत्र की जनता की समस्याओं को शासन के सर्वोच्च स्तर तक पहुंचाने के अपने सतत प्रयासों के तहत पंधाना विधायक श्रीमती छाया मोरे मंगलवार दोपहर भोपाल पहुंचीं, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से महत्वपूर्ण मुलाकात कर क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं को गंभीरता और मजबूती से मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। इस दौरान खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल भी मौजूद रहे। समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि विधायक श्रीमती मोरे व सांसद श्री पाटिल ने क्षेत्र के किसानों, ग्रामीणों और आमजन से जुड़े कई अहम विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए त्वरित समाधान की मांग की।
विशेष बात यह रही कि विधायक छाया मोरे अपने साथ क्षेत्र के किसानों एवं पार्टी पदाधिकारियों को भी मुख्यमंत्री से मिलने लेकर पहुंचीं, ताकि जमीनी समस्याओं को सीधे शासन स्तर तक पहुंचाया जा सके। मुख्यमंत्री से हुई यह मुलाकात पंधाना क्षेत्र में राहत, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
गुड़ी क्षेत्र में लगातार आगजनी की घटनाओं पर जताई गंभीर चिंता
मुख्यमंत्री से चर्चा के दौरान विधायक छाया मोरे ने पंधाना विधानसभा के गुड़ी क्षेत्र में लगातार सामने आ रही आगजनी की घटनाओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि हाल के दिनों में क्षेत्र में आग की बड़ी घटनाओं ने ग्रामीणों को गहरे संकट में डाल दिया है। प्रवक्ता सुनील जी ने बताया कि विधायक छाया मोरे ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि हाल ही में नाहरमाल गांव में आग लगने से कई परिवार प्रभावित हुए, वहीं सोमवार को गुड़ी क्षेत्र के समीप हंडियाखेड़ा गांव में भीषण अग्निकांड में लगभग 30 मकान जलकर खाक हो गए। इस घटना में गरीब परिवारों की गृहस्थी, खाद्यान्न, कपड़े और दैनिक जरूरतों का सामान नष्ट हो गया, जिससे प्रभावित परिवारों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
उन्होंने कहा कि इन घटनाओं ने यह स्पष्ट कर दिया है कि गुड़ी क्षेत्र में आपदा प्रबंधन और अग्निशमन संसाधनों की तत्काल उपलब्धता बेहद आवश्यक है।
“फायर फाइटर नहीं होने से बढ़ रहा नुकसान”
विधायक छाया मोरे ने मुख्यमंत्री को बताया कि गुड़ी क्षेत्र में स्थायी अग्निशमन वाहन उपलब्ध नहीं होने के कारण आग लगने पर खंडवा, पंधाना, हरसूद अथवा मुंदी से फायर ब्रिगेड बुलानी पड़ती है। घटनास्थल तक पहुंचने में लगने वाला समय कई बार भारी नुकसान का कारण बन जाता है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में तेज हवा और सूखे मौसम के चलते आग कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लेती है। ऐसे में स्थानीय स्तर पर अग्निशमन वाहन उपलब्ध होना समय की सबसे बड़ी जरूरत बन गया है।
CSR फंड से अग्निशमन वाहन उपलब्ध कराने की मांग
विधायक मोरे ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के समक्ष राज्य वन विकास निगम, पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन, कृषि उपज मंडी निधि, एनएचडीसी (NHDC) अथवा अन्य उपलब्ध CSR मद से गुड़ी क्षेत्र के लिए स्थायी अग्निशमन वाहन उपलब्ध कराने की मांग रखी।
उन्होंने सुझाव दिया कि इसका संचालन उप कृषि उपज मंडी गुड़ीखेड़ा, वन परिक्षेत्र कार्यालय, पुलिस थाना पिपलोद अथवा सक्षम ग्राम पंचायत सिंगोट के माध्यम से किया जा सकता है, ताकि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को भी तत्काल राहत और सुरक्षा मिल सके।
हंडियाखेड़ा अग्निकांड पीड़ितों के लिए विशेष राहत की मांग
प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान विधायक श्रीमती मोरे ने हंडियाखेड़ा अग्निकांड से प्रभावित परिवारों के लिए विशेष आर्थिक सहायता और पुनर्वास की मांग भी प्रमुखता से उठाई। उन्होंने कहा कि अधिकांश प्रभावित परिवार आर्थिक रूप से कमजोर हैं और उनके मकान पूरी तरह नष्ट हो चुके हैं।विधायक ने आग्रह किया कि प्रभावित परिवारों को विशेष राहत पैकेज प्रदान किया जाए तथा जिनके मकान पूरी तरह नष्ट हुए हैं, उन्हें मुख्यमंत्री आवास योजना अथवा अन्य आवासीय योजनाओं के तहत प्राथमिकता के आधार पर आवास स्वीकृत किए जाएं।
सिंचाई और पेयजल संकट का मुद्दा भी मजबूती से उठाया
मुलाकात में विधायक छाया मोरे ने क्षेत्र में बढ़ते जल संकट और किसानों की परेशानियों का विषय भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने बताया कि पंधाना विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों में किसानों, पशुपालकों और ग्रामीणों को पेयजल एवं सिंचाई जल की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने भगवंत सागर जलाशय (सुक्ता), छैगांव माखन उद्वहन सिंचाई योजना एवं भाम सिंचाई योजना से आवश्यकता अनुसार तत्काल पानी छोड़े जाने की मांग की, ताकि किसानों की कपास सहित अन्य फसलें सुरक्षित रह सकें और पशुओं के लिए पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था हो सके।
किसानों और पदाधिकारियों की मुख्यमंत्री से करवाई मुलाकात
सुनील जैन ने बताया कि इस दौरान विधायक छाया मोरे क्षेत्र के कई किसानों और पार्टी पदाधिकारियों को भी अपने साथ मुख्यमंत्री से मिलने लेकर पहुंचीं। मुख्यमंत्री से मुलाकात के समय सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल विधायक छाया मोरै के साथ ही आनंद सिंह चौहान (जिला उपाध्यक्ष), अशोक पटेल (मंडल अध्यक्ष), नानकराम पटेल रेवाड़ा, कमलराव अतर, गजानन चौहान (छैगांव माखन), मोहन गोलकर (तलबड़िया) सहित अन्य किसान एवं प्रतिनिधि शामिल रहे। सभी ने क्षेत्र की समस्याओं और अपेक्षाओं को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा, जिस पर सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया गया।
“जनता की आवाज को शासन तक पहुंचाना मेरा कर्तव्य” : विधायक छाया मोरे
मुलाकात के बाद विधायक छाया मोरे ने कहा कि पंधाना विधानसभा क्षेत्र की जनता ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका निर्वहन पूरी प्रतिबद्धता के साथ करना उनका दायित्व है। उन्होंने कहा कि किसानों, ग्रामीणों, महिलाओं और आमजन की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है और क्षेत्र की आवाज हर मंच पर मजबूती से उठाई जाती रहेगी।
मुख्यमंत्री की मौजूदगी में क्षेत्रीय मुद्दों को विस्तार से रखने, किसानों को सीधे मुख्यमंत्री से जोड़ने तथा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल की उपस्थिति में जनसमस्याओं पर गंभीर चर्चा को पंधाना क्षेत्र में सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है।








