
लगातार दूसरे दिन फिर खंडवा विधायक ने सांसद के साथ मुख्यमंत्री से की मुलाक़ात
खण्डवा//खंडवा के विकास कार्यों को लेकर खास तौर से खंडवा बूंदी मार्ग खंडवा में बटालियन एवं अन्य विकास कार्यों को लेकर आज खंडवा विधायक कंचन मुकेश तनवे ने सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल के साथ मुख्यमंत्री से मुलाक़ात कर चर्चा की।
खंडवा विधायक कंचन मुकेश तनवे ने खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल के साथ लगातार दूसरे दिन प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाक़ात कर खंडवा जिले के विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में खंडवा में बटालियन की स्थापना, खंडवा-मूंदी रोड के विकास कार्य, कर्मवीर विद्यापीठ को नवीन परिसर (कैम्पस) उपलब्ध कराने तथा विधि संकाय के लिए भवन निर्माण सहित क्षेत्र की अन्य आवश्यक विकास परियोजनाओं पर चर्चा की गई।
विधायक कंचन तनवे एवं सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने मुख्यमंत्री के समक्ष क्षेत्र की जनभावनाओं एवं आवश्यकताओं को रखते हुए शीघ्र कार्यवाही का आग्रह किया। इस पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक विचार करते हुए आवश्यक कार्यों को आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया।
विधायक कंचन तनवे ने कहा कि प्रदेश सरकार के सहयोग से खंडवा विधानसभा एवं जिले के विकास को नई गति मिलेगी तथा शिक्षा, अधोसंरचना एवं सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।











