
रायचंद नागड़ा उत्कृष्ट विद्यालय में गूंजी कृष्ण भक्ति, विद्यार्थियों को मिली निशुल्क साइकिल।

जन्माष्टमी के संदर्भ में हुआ आयोजन, विधायक तनवे ने बताया समय का महत्व; महापौर ने विद्यार्थियों को योजनाओं का लाभ लेने किया प्रेरित।
खंडवा। रायचंद नागड़ा उत्कृष्ट विद्यालय में राज्य शासन की निशुल्क साइकिल वितरण योजना के तहत कार्यक्रम का आयोजन कृष्ण जन्माष्टमी के संदर्भ में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक कंचन मुकेश तनवे रहीं, जबकि अध्यक्षता महापौर अमृता अमर यादव ने की। समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि छात्र हमारे देश का एवं परिवार का भविष्य है, यदि छात्र छात्राएं पढ़ाई कर कर आगे बढ़ती है तो यह परिवार के साथ देश के विकास में भी सहयोगी बनती है, बच्चों की पढ़ाई को लेकर मध्य प्रदेश की सरकार कई प्रकार की योजनाएं चलाकर बच्चों को पढ़ाई के लिए प्रेरित कर रही है, प्रदेश की डॉक्टर मोहन यादव की सरकार के द्वारा अच्छी पढ़ाई हेतु बच्चों को लैपटॉप, दूर से आने वाले बच्चों को हजारों रुपए की साइकिल, स्कूली ड्रेस एवं पाठ्यपुस्तिकाओं का निशुल्क वितरण कर रही है। जन्माष्टमी पर्व को लेकर भी प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव द्वारा शासकीय रूप से धर्म और संस्कृति और अध्यात्म से युवा जुड़े रहे हैं इस हेतु जन्माष्टमी का पर्व मनाया जा रहा है स्कूलों में भी या आयोजन शुरू हो चुका है। समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि बुधवार को उत्कृष्ट विद्यालय में जन्माष्टमी पर्व एवं शासन की योजना अंतर्गत 17 छात्र-छात्राओं को निशुल्क साइकिल का वितरण महापौर, विधायक द्वारा किया गया। आयोजन के दौरान विद्यार्थियों को शासन की विद्यार्थी हितैषी योजनाओं की जानकारी देते हुए शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में महापौर अमृता अमर यादव ने विद्यार्थियों से कहा कि शासन द्वारा विद्यार्थियों के हित में अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। विद्यार्थी इन योजनाओं का लाभ लेकर अपने लक्ष्य के अनुरूप नियमित और अनुशासित ढंग से अध्ययन करें। महापौर ने कहा कि भगवान राम ने हमें मर्यादा से जीना सिखाया वही भगवान श्री कृष्ण ने गीता के माध्यम से जीवन जीने की कला सिखाई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक कंचन मुकेश तनवे ने समय के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विद्यार्थियों को समय का सम्मान करते हुए अपनी पढ़ाई की योजना बनानी चाहिए। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के द्वारा सभी बच्चे पढ़ लिख कर आगे बढ़े इस उपदेश को लेकर कई प्रकार की योजनाएं चलाई जा रही है, जिसका लाभ छात्र छात्राएं प्राप्त कर रहे हैं, उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन चरिञ का उदाहरण देते हुए गुरु और शिक्षक के योगदान के महत्व को समझाया। उन्होंने कहा कि जीवन में सही मार्गदर्शन और अनुशासन सफलता की आधारशिला हैं। प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि कार्यक्रम में पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष सेवादास पटेल ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। विद्यालय के प्राचार्य भूपेंद्र सिंह चौहान ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि विद्यालय में अध्ययन-अध्यापन के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध है। विद्यार्थियों को इसका अधिक से अधिक लाभ उठाकर अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए मेहनत करनी चाहिए। कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं दिव्या ऊईके और रजनी गोले ने राधा-कृष्ण पर आधारित मनमोहक नृत्य प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। कृष्ण जन्माष्टमी के संदर्भ में हुई इस प्रस्तुति ने कार्यक्रम में भक्ति और उत्साह का रंग भर दिया। कार्यक्रम के अंत में पात्र विद्यार्थियों को उनके पालकों की उपस्थिति में निशुल्क साइकिलों का वितरण किया गया। साइकिल मिलने पर विद्यार्थियों में उत्साह नजर आया। निशुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम में महापौर विधायक के साथ ही पूर्व जिला अध्यक्ष हरीश कोट वाले, सेवादास पटेल, प्रवक्ता सुनील जैन, भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रदीप यादव, महामंत्री दीपसिंह झाला , संदेश गुप्ता, भावेश बिल्लौरे सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन नीतिश लाड़ ने किया,आभार कविता वर्मा ने माना।












