
60 साल पुराने जर्जर शिव मंदिर का होगा नवनिर्माण, विधायक मनोज यादव ने किया भूमिपूजन
सावन से पहले मंदिर निर्माण की नींव रखे जाने से ग्रामीणों में उत्साह
नवप्रदेश/चौपारण। चौपारण पंचायत अंतर्गत चतरा मोड़ बस स्टैंड स्थित कबाड़ी दुकान के पास बने 60 साल पुराने जर्जर शिव मंदिर के नवनिर्माण कार्य का बुधवार को विधिवत भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक मनोज कुमार यादव मुख्य रूप से शामिल हुए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत कराई।
बताया गया कि यह शिव मंदिर पिछले करीब 60 वर्षों से क्षेत्र के लोगों की आस्था का केंद्र रहा है। लेकिन समय के साथ मंदिर की स्थिति काफी जर्जर हो गई थी, जिससे किसी भी समय हादसे की आशंका बनी हुई थी। इसे देखते हुए स्थानीय ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने मंदिर के नवनिर्माण का निर्णय लिया। भूमिपूजन के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पंडितों ने पूरे विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई। विधायक मनोज यादव मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना में शामिल हुए और निर्माण कार्य के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। इस अवसर पर विधायक मनोज कुमार यादव ने कहा, “शिव मंदिर और इस पूरे मोहल्ले के विकास के लिए जो भी सहायता संभव होगी, मैं करूंगा। निर्माण कार्य जल्द शुरू करें ताकि एक भव्य और सुंदर मंदिर तैयार हो सके, जहां श्रद्धालु सुविधापूर्वक पूजा-पाठ कर सकें। यदि निर्माण में किसी प्रकार की समस्या आती है तो सीधे मुझसे संपर्क करें। भूमिपूजन को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा गया। लोगों ने इसे अपने लिए सौभाग्य का क्षण बताया। ग्रामीणों ने कहा, “सावन माह शुरू होने से पहले विधायक जी के हाथों मंदिर निर्माण की नींव रखी गई, यह हमारे लिए गर्व और सौभाग्य की बात है।” पूरे इलाके में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
समाजसेवी सुनील सिन्हा ने बताया, “इस मंदिर में हम लोग पिछले 60 वर्षों से पूजा-अर्चना करते आ रहे हैं। मंदिर पूरी तरह जर्जर हो चुका था और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता था। इसलिए ग्रामीणों ने एकजुट होकर नए मंदिर निर्माण का फैसला लिया है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा और आने वाले समय में क्षेत्र को एक भव्य शिव मंदिर मिलेगा। लोगों की इच्छा है कि सावन के पावन महीने में नए मंदिर में भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की शुरुआत हो सके।




