
चौपारण:प्रखंड क्षेत्र में बिजली की बदहाल व्यवस्था ने स्थानीय नागरिकों का जीना मुहाल कर दिया है। पिछले कई दिनों से जारी लगातार लोड शेडिंग, लो वोल्टेज और अनियमित सप्लाई के कारण आम उपभोक्ताओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। विभाग की ओर से कभी बरही 33 केवी लाइन में तकनीकी खराबी तो कभी डीवीसी (DVC) से बिजली कटौती का हवाला देकर घंटों सप्लाई बंद रखी जा रही है, जिससे स्थानीय लोगों में बिजली विभाग की लचर कार्यप्रणाली के खिलाफ भारी आक्रोश है।व्यवसाय ठप, बच्चों की पढ़ाई प्रभावितग्रामीणों के मुताबिक, दिनभर बिजली की आँख-मिचौनी का खेल चलता रहता है। हद तो तब हो जाती है जब शाम और रात के समय भी घंटों बिजली गुल रहती है। इसके चलते जहाँ एक ओर छात्रों की पढ़ाई बाधित हो रही है, वहीं दूसरी ओर महिलाओं को घरेलू कामकाज निपटाने में भारी परेशानी हो रही है। बिजली पर निर्भर रहने वाले छोटे-बड़े दुकानदारों और कुटीर उद्योगों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।बिना सूचना कटौती से बढ़ी नाराजगीउपभोक्ताओं का आरोप है कि विभाग मनमाने ढंग से कटौती करता है। कभी-कभार कटौती की सूचना दी भी जाती है, तो बिजली कब वापस आएगी इसका कोई निश्चित समय नहीं बताया जाता। बिना किसी पूर्व सूचना के घंटों ब्लैकआउट रहने से लोग खुद को ठगा सा महसूस कर रहे हैं।जनप्रतिनिधियों से हस्तक्षेप की मांगलंबे समय से चली आ रही इस गंभीर समस्या से आजिज आकर ग्रामीणों ने अब आर-पार की लड़ाई का मूड बना लिया है। उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग के आला अधिकारियों समेत स्थानीय सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों से इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि जनप्रतिनिधि इस मुद्दे को गंभीरता से लें और बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ आपात बैठक कर चौपारण को इस बिजली संकट से हमेशा के लिए मुक्ति दिलाएं।












