
चौपारण। प्रखंड के करमा पंचायत अंतर्गत ग्राम असनाचुवां के आदिवासी बहुल टोला अम्बाडीह में पहली बार बिजली पहुंचने से ग्रामीणों में खुशी की लहर है। दशकों से अंधेरे में जीवन बिता रहे ग्रामीणों का सपना सोमवार को साकार हुआ, जब बरही विधायक मनोज कुमार यादव ने गांव में विद्युतीकरण कार्य का विधिवत उद्घाटन किया। पहली बार गांव के घरों में बिजली के बल्ब जलते देख ग्रामीणों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
गांव पहुंचने पर विधायक का ग्रामीणों ने पारंपरिक आदिवासी नृत्य एवं वाद्य यंत्रों के साथ भव्य स्वागत किया। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक मनोज कुमार यादव ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने अम्बाडीह टोला को अंधेरे से मुक्त कर बिजली पहुंचाने का जो वादा किया था, उसे पूरा कर उन्हें संतोष और गर्व की अनुभूति हो रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है तथा गांव की अन्य मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए भी लगातार प्रयास किए जाएंगे।
विधायक प्रतिनिधि सह स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि राजदेव यादव ने कहा कि विधायक के प्रयास से पूरे गांव में पहली बार बिजली पहुंची है, जिससे ग्रामीणों के जीवन में नई रोशनी आई है। वहीं ग्रामीण बलिराम मुंडा एवं महेंद्र मुंडा ने कहा कि आजादी के इतने वर्षों बाद पहली बार उनके गांव में बिजली पहुंची है। इसके लिए पूरा गांव विधायक और संबंधित विभाग के प्रति आभार व्यक्त करता है।
इस अवसर पर समाजसेवी रामचंद्र सिंह, नरेश यादव, गौतम गुप्ता, रामु तुरी, सोमा मुंडा, लक्की राम मुंडा, लालमोहन मुंडा, जगमोहन मुंडा, बसंत मुंडा, भक्ता मुंडा, बिरसा मुंडा, मंदरु मुंडा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।




