
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर पूनमचंद गुप्ता वोकेशनल कॉलेज में हुआ भव्य योग आयोजन।
खंडवा। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पूनमचंद गुप्ता वोकेशनल कॉलेज में स्वास्थ्य, अनुशासन एवं सकारात्मक जीवनशैली के संदेश के साथ योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के स्टाफ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योगाभ्यास किया।
समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दीपेश आर. उपाध्याय एवं प्रबंधक सतीश पटेल विशेष रूप से उपस्थित रहे। दोनों ने स्वयं योगाभ्यास कर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की तथा नियमित योग को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का आधार बताया।
योग सत्र का संचालन योग प्रशिक्षिका कु. सौम्या अनमोले द्वारा किया गया। उनके मार्गदर्शन में विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान प्रक्रियाओं का अभ्यास कराया गया। योगाभ्यास के दौरान पूरा परिसर ऊर्जा, एकाग्रता एवं स्वास्थ्य चेतना से ओत-प्रोत दिखाई दिया। कार्यक्रम में उपस्थित समस्त स्टाफ सदस्यों ने योग को दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन एवं स्वस्थ समाज के संदेश के साथ हुआ।सुनील जैन ने बताया कि योग दिवस के इस अवसर पर पूनमचंद गुप्ता वोकेशनल कॉलेज ने सामूहिक योगाभ्यास के माध्यम से स्वास्थ्य जागरूकता एवं भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान का प्रेरणादायी संदेश दिया।












