
चौपारण। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत चौपारण प्रखंड के विभिन्न मतदान केंद्रों पर बूथवार जनसुनवाई शुरू हो गई है। बुधवार को बसरिया, चोरदाहा, डेबो, चौपारण, सिंघरावां और बच्छई पंचायत क्षेत्र के कई बूथों पर कैंप लगाकर मतदाता सूची में नाम, पता एवं अन्य विवरणों में त्रुटि से संबंधित आपत्तियों और शिकायतों की सुनवाई की गई। वहीं, अब तक जिन मतदाताओं की मैपिंग नहीं हुई है, उनकी मैपिंग का कार्य भी किया जा रहा है।
बीडीओ नितेश भास्कर एवं सीओ संजय यादव के नेतृत्व में आयोजित जनसुनवाई के दौरान बीएलओ और संबंधित कर्मियों को मतदाताओं की शिकायतों को गंभीरता से लेने तथा दस्तावेजों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित नहीं होना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान एसडीओ जोहान टुड्डू ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर पुनरीक्षण कार्य का जायजा लिया। उन्होंने प्रक्रिया को पारदर्शी एवं निर्धारित नियमों के अनुरूप पूरा करने का निर्देश दिया।
बच्छई पंचायत भवन में आयोजित जनसुनवाई में मुखिया वीरेन्द्र रजक, बीएलओ आशा गुप्ता, सुपरवाइजर प्रीति कुमारी, पंचायत सहायक टिंकू कुमार, मनोज यादव, अमीषा कुमारी एवं वीएलई मोहित कुमार सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे। प्रशासन ने मतदाताओं से बूथ पर पहुंचकर सूची में अपने विवरण की जांच करने और त्रुटि मिलने पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ आपत्ति दर्ज कराने की अपील की है।













