
सैयद इशाक अली जिला प्रमुख डिंडोरी
डिंडोरी। जिले में स्कूली बच्चों को लाने-ले जाने वाले कुछ वाहनों के बिना नंबर प्लेट के सड़कों पर दौड़ने का मामला सामने आने से बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिन वाहनों में रोजाना मासूम बच्चे सफर करते हैं, उनके दस्तावेज, फिटनेस, बीमा और नंबर प्लेट की जांच नियमित रूप से होना जरूरी है। मध्यप्रदेश में स्कूली बच्चों की सुरक्षित परिवहन व्यवस्था को लेकर वाहन की फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र सहित कई सुरक्षा मानकों पर जोर दिया गया है।
बिना नंबर प्लेट वाहन की पहचान और किसी अप्रिय घटना की स्थिति में वाहन संबंधी जानकारी हासिल करना भी मुश्किल हो सकता है। ऐसे में अभिभावकों ने परिवहन विभाग और यातायात पुलिस से मांग की है कि जिले में बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने वाले वाहनों की विशेष जांच अभियान चलाकर कार्रवाई की जाए।
अब देखना यह है कि जिम्मेदार विभाग इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं और बच्चों की सुरक्षा के लिए नियमों का पालन सुनिश्चित कराने हेतु क्या कदम उठाए जाते हैं।




