
चौपारण। प्रखंड के ब्रह्मोरिया गांव में सोमवार को हुए एक दर्दनाक करंट हादसे में अपनी आठ वर्षीय बेटी की जान बचाने के प्रयास में एक पिता की मौत हो गई, जबकि बच्ची समेत परिवार के पांच अन्य सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है।
जानकारी के अनुसार, आठ वर्षीय ईशा कुमारी घर के पास स्थित एक कुएं के समीप खेल रही थी। इसी दौरान वह वहां मौजूद बिजली के तार की चपेट में आ गई। बच्ची की चीख सुनते ही उसके पिता नरेश भुइया उसे बचाने के लिए दौड़े, लेकिन बेटी को बचाने के प्रयास में वह स्वयं करंट की चपेट में आ गए। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्य भी मदद के लिए पहुंचे, पर वे भी एक-एक कर करंट लगने से झुलस गए।घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। सभी घायलों को तत्काल चौपारण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सकों ने नरेश भुइया को मृत घोषित कर दिया। वहीं रीना देवी, ईशा कुमारी, कुंजियां देवी, भुनेश्वर भुइया सहित पांच घायलों का इलाज जारी है। इनमें से एक घायल की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल रेफर किया गया है।
हादसे के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में लंबे समय से जर्जर एवं नीचे लटक रहे बिजली के तार हादसे को न्योता दे रहे थे। कई बार शिकायत करने के बावजूद विभाग ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, जिसका खामियाजा आज एक परिवार को भुगतना पड़ा।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची तथा मामले की जांच शुरू कर दी। प्रशाशन ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। साथ ही हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।वही पूर्व विधायक उमा शंकर अकेला ने घटना कि सुचना पा घायलों से मिल हर मदद का भरोसा दिलाया एवं दोषियों पर कार्रवाई की भी बात कहे।




