
घर में घुसकर महिला मारपीट एवं अभद्रता,थाना में आवेदन,
घटना का वीडीओ वायरल,कार्रवाई की माँग
चौपारण ।प्रखंड के दाददुर पंचायत के हारपुर गांव में पुरानी रंजिश को लेकर घर में घुसकर 35 वर्षीय सिद्धि देवी, उनके पति राजकुमार सिंह तथा 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना में सिद्धि देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर किया गया।
घटना के संबंध में सिद्धि देवी के पति राजकुमार सिंह ने चौपारण थाना में लिखित आवेदन देकर आरोपियों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि रविवार को अशोक सिंह, जगतपाल सिंह, बाबूलाल सिंह, टुनटुन देवी, मंजू देवी सहित अन्य लोग लाठी, कुल्हाड़ी और लोहे की रॉड लेकर उनके घर पहुंचे तथा गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया।
आवेदन के अनुसार, आरोपियों ने सिद्धि देवी के साथ बेरहमी से मारपीट की। आरोप है कि उनके साथ अभद्रता और छेड़खानी की गई, गला दबाने का प्रयास किया गया, पेट पर वार किए गए तथा उनके कपड़े फाड़ दिए गए। बचाव के लिए पहुंचीं करीब 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ भी मारपीट की गई, जिससे वह भी घायल हो गईं।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मारपीट के दौरान सिद्धि देवी के गले से सोने की चेन भी छीन ली गई। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह सभी को बचाया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने सिद्धि देवी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हजारीबाग रेफर कर दिया।
राजकुमार सिंह ने आवेदन में यह भी आरोप लगाया है कि घटना के बाद आरोपी लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। उन्होंने चौपारण थाना पुलिस से सभी आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।




