
चौपारण। भूमि विवादों के त्वरित एवं निष्पक्ष समाधान के उद्देश्य से शनिवार को अंचल कार्यालय परिसर में थाना दिवस का आयोजन किया गया। पहले यह कार्यक्रम थाना परिसर में आयोजित होता था, लेकिन अब उपायुक्त हजारीबाग के निर्देश पर इसे अंचल कार्यालय परिसर में आयोजित किया जा रहा है, ताकि राजस्व से जुड़े मामलों का मौके पर ही प्रभावी निष्पादन किया जा सके।थाना दिवस में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। अधिकारियों ने एक-एक कर सभी आवेदनों की सुनवाई की, जिसमें दर्जनभर मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया। शेष मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।इस अवसर पर अंचलाधिकारी संजय कुमार यादव ने कहा कि भूमि विवादों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं निष्पक्ष समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर विवादों का निपटारा होने से लोगों को न्यायालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और अनावश्यक समय व धन की बचत होगी। उन्होंने आम लोगों से प्रत्येक शनिवार को आयोजित होने वाले थाना दिवस में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर अपनी समस्याएं रखने की अपील की।कार्यक्रम में हल्का कर्मचारी सतेंद्र कुमार सहित अंचल कार्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि प्राप्त सभी आवेदनों पर नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।




