
ओंकारेश्वर में अतिक्रमण हटाने के नोटिस पर सियासत तेज, कांग्रेस ने पुनर्वास के बिना कार्रवाई का किया विरोध
सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत नगर परिषद ने जारी किया 24 घंटे का नोटिस
ओंकारेश्वर/खंडवा। सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत ओंकारेश्वर में प्रस्तावित अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर विरोध शुरू हो गया है। नगर परिषद द्वारा वार्ड क्रमांक 15 में निवासरत कुछ परिवारों को 24 घंटे के भीतर शासकीय भूमि खाली करने का नोटिस जारी किए जाने के बाद कांग्रेस ने इस पर आपत्ति दर्ज कराई है और प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की मांग उठाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर परिषद ओंकारेश्वर के राजस्व विभाग ने 5 जून को वार्ड क्रमांक 15, डैम रोड एवं नहर क्षेत्र के कुछ निवासियों को नोटिस जारी कर बताया है कि आगामी सिंहस्थ-2028 के मद्देनजर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाना है। नोटिस में 24 घंटे के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए हैं, अन्यथा प्रशासनिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
कांग्रेस ने उठाए मानवीय पहलू
मामले को लेकर जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि बरसात के पूर्व गरीब परिवारों को अल्प समय का नोटिस देकर बेदखल करना उचित नहीं है। उन्होंने मांग की कि यदि विकास कार्यों और सिंहस्थ की तैयारियों के लिए भूमि खाली कराना आवश्यक है तो पहले प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और वैकल्पिक आवास की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
“आंदोलन की चेतावनी”
कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि बिना पुनर्वास व्यवस्था के मकानों को हटाने की कार्रवाई की गई तो पार्टी प्रभावित परिवारों के समर्थन में आंदोलन करेगी। पार्टी का कहना है कि विकास कार्यों के साथ मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक न्याय का भी ध्यान रखा जाना चाहिए।












