
पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने किया थाना मूंदी का आकस्मिक निरीक्षण

मूंदी। पुलिस अधीक्षक श्री अगम जैन ने थाना मूंदी का आकस्मिक निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने की व्यवस्थाओं एवं कार्यप्रणाली का जायजा लिया।
पुलिस अधीक्षक ने माननीय मुख्यमंत्री महोदय द्वारा चलाए जा रहे “जनविश्वास अभियान” के तहत आम जनता की अधिक से अधिक शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित अपराधों के निराकरण को प्राथमिकता देते हुए प्रकरणों में आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूरी करने पर जोर दिया।
उन्होंने पुलिसकर्मियों को आमजन के साथ संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखते हुए उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान थाना स्टाफ को कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराधों की रोकथाम के लिए सतर्कता के साथ कार्य करने के लिए निर्देशित किया गया।
