
हरिद्वार: श्यामपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित कांगड़ी फ्लाईओवर पर रविवार को एक बार फिर दर्दनाक हादसा हो गया. कार की टक्कर से स्कूटी सवार दो किशोरों की मौत हो गई. दोनों किशोर हरिद्वार के ही रहने वाले हैं. हादसे में जान गंवाने वाले दोनों किशोरों की उम्र महज 14 और 16 वर्ष थी. हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया. जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया.
पुलिस के अनुसार, रविवार को दोनों किशोर स्कूटी से हरिद्वार से श्यामपुर की ओर जा रहे थे. जैसे ही वे कांगड़ी फ्लाईओवर के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही एक कार से उनकी टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए. स्कूटी और कर आगे की तरह से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हादसा होते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. आपास मौजूद लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी.
सूचना मिलते ही कोतवाली श्यामपुर कोतवाली प्रभारी नितेश शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया. मृतकों की पहचान कार्तिक अग्रवाल (16) पुत्र नवीन अग्रवाल निवासी कालीवाली हवेली, हरकी पैड़ी, हरिद्वार और कृष्णा राजपूत (14) पुत्र सोनू राजपूत निवासी शिवनगर, रानी गली, हरिद्वार के रूप में हुई है.
बताया जा रहा है कि कार चालक हरिद्वार से बिजनौर की ओर जा रहा था. पुलिस ने हादसे के संबंध में जांच शुरू कर दी है. दुर्घटना के बाद फ्लाईओवर पर कुछ देर तक अफरा तफरी का माहौल बना रहा. वही एक साथ दो किसने की मौत होने के बाद दो परिवारों के चिराग बुझ गए. उनके परिवारों में मातम पसरा हुआ है. दोनों के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है. जिस किसी ने भी इस हद से की सूचना सुनी, वह तत्काल दोनों किशोर को देखने के लिए जिला अस्पताल की दौड़ लगाने लगा.
हादसों को लेकर फिर उठे सवाल: कांगड़ी फ्लाईओवर पर लगातार हो रहे हादसे लोगों के लिए चिंता का विषय बने हुए हैं. इससे पहले भी यहां कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें कई लोगों की जान जा चुकी है. रविवार को दो किशोरों की एक साथ मौत ने फ्लाईओवर की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं.