

सिवनी : जिला शिक्षा अधिकारी सिवनी द्वारा बताया गया कि माध्यमिक शिक्षा मण्डल म.प्र.भोपाल द्वारा आयोजित हाईस्कूल मुख्य परीक्षा वर्ष 2026 के अंतर्गत जिले के 84 परीक्षा केन्द्रों पर मंगलवार को गणित विषय की परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुई। यह परीक्षाएं 10 फरवरी 2026 से 7 मार्च 2026 तक प्रातः 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जा रही हैं।
इसी क्रम में मंगलवार 24 फरवरी 2026 को आयोजित गणित विषय की परीक्षा में कुल 17166 परीक्षार्थी दर्ज थे, जिनमें से 16911 विद्यार्थी उपस्थित रहे तथा 255 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे वहीं नकल प्रकरण निरंक पाया गया। परीक्षा संचालन की सतत निगरानी हेतु कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी सिवनी में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। कंट्रोल रूम के माध्यम से सभी परीक्षा केन्द्रों की गतिविधियों की जानकारी वरिष्ठ कार्यालय को नियमित रूप से प्रेषित की गई।
जिलास्तरीय उड़नदस्ता दल द्वारा विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सभी केन्द्रों पर परीक्षा व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। इसी प्रकार विकासखण्ड स्तरीय उड़नदस्ता दलों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में परीक्षा केन्द्रों का सघन निरीक्षण किया। समस्त परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा निर्विघ्न, शांतिपूर्ण एवं सुचारु रूप से संपन्न हुई है।













