हरदोई।सपा प्रत्याशी पूर्व सांसद ऊषा वर्मा ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर आज नामांकन दाखिल किया। नामांकन के उपरांत पत्रकारों के सवालों के जवाब में उन्होंने कहा कि झूठे वादे, बढ़ती महंगाई, और बेरोजगारी से जनता परेशान है। कहा, किसानों की आय दोगुनी करने की बात और रोजगार देने का झूठा वादा किया गया। इन सभी झूठे वादों से देश और प्रदेश की जनता त्रस्त है। इन्हीं मुद्दों को लेकर वह जनता के बीच जा रही हैं। कहा, इंडिया गठबंधन की सरकार बनने पर जनता की इन सभी समस्याओं को दूर किया जाएगा। इस दौरान उन्होंने पीएम का नाम लिए बिना ये कहते हुए निशाना साधा कि एक मंगलसूत्र जिसके लिए उन्होंने शपथ ली थी, फेरे लिए थे उसकी गारंटी ले नहीं पाए। वह देश की महिलाओं को कैसे सुरक्षा की गारंटी देंगे। दरअसल पत्रकारों के द्वारा पीएम के एक बयान कि अर्बन नक्सल सोच वाले आपका मंगलसूत्र भी नहीं बचने देंगे, का ज़िक्र छेड़ने पर पूर्व सांसद ने अमुक जवाब दिया था। ऊषा वर्मा ने कहा कि देश के संसाधनों पर पिछड़े, दलितों और अल्पसंख्यकों का हक़ है। स्पष्ट किया कि हम लोग अपर कास्ट के लोग जो पढ़े लिखे बेरोजगार और गरीब हैं, उनको भी पिछड़ा मानते हैं व उनके उत्थान की भी बात करते हैं।, उनमें महिलाएं भी हैं। नामांकन के दौरान बड़ी संख्या में सपा व कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
2,503 1 minute read













