प्रतापपुर के सिंघरी डायवर्सन योजना हेतु भूमि अधिग्रहण पर आपत्तियां 17 दिसंबर तक आमंत्रित
सूरजपुर/16 दिसंबर 2025/ जिले के ग्राम सिंघरी, तहसील प्रतापपुर में निर्माणाधीन सिंघरी डायवर्सन योजना के डुबान क्षेत्र हेतु भूमि अधिग्रहण की कार्यवाही भूमि अर्जन, पुनर्वासन एवं पुनर्व्यवस्थापन में उचित प्रतिकर और पारदर्शिता का अधिकार (सामाजिक प्रभाव आकलन, सहमति एवं जनसुनवाई) नियम 2016 के तहत सामाजिक समाघात निर्धारण अध्ययन दल द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव की गठित विशेषज्ञ दल द्वारा जांच की गई, जिसके पश्चात अपना अभिमत अंकित करते हुए मूल्यांकन प्रतिवेदन अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय में प्रस्तुत किया गया है।
उक्त विशेषज्ञ दल द्वारा प्रस्तुत मूल्यांकन प्रतिवेदन को ग्राम सिंघरी में इश्तहार के माध्यम से प्रकाशित कर सर्वसाधारण को सूचित किया गया है। प्रतिवेदन में उल्लिखित तथ्यों के संबंध में यदि किसी व्यक्ति को कोई आपत्ति हो, तो वे अपनी आपत्ति दिनांक 17 दिसंबर 2025 तक अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय में स्वयं अथवा अपने अधिकृत प्रतिनिधि के माध्यम से दो प्रतियों में प्रस्तुत कर सकते हैं। निर्धारित अवधि के पश्चात प्राप्त होने वाली आपत्तियों पर किसी प्रकार का विचार नहीं किया जाएगा।










